पाकुड़: सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर पाकुड़-हिरणपुर मुख्य सड़क स्थित शिबू सोरेन चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व डीटीओ मोजाहिद अंसारी ने किया।

जांच अभियान के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा, दोपहिया वाहनों, ट्रिपल लोडिंग, हेलमेट और वाहनों के कागजात की जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन चालक बिना हेलमेट और बिना आवश्यक कागजात के पाए गए। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन जुर्माना लगाया गया और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।

जांच अभियान में जिला परिवहन कार्यालय की टीम के अलावा सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और रोड इंजीनियर रितेश सिंह भी शामिल रहे।

डीटीओ मोजाहिद अंसारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान वाहनों के कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई। उन्होंने बताया कि कई वाहन बिना कागजात और ट्रिपल लोडिंग करते हुए पाए गए, जिन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।

डीटीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

इधर, मुख्य सड़क पर अचानक वाहन जांच अभियान चलने से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक जांच से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों की तलाश करते नजर आए।