चतरा: JPSC/JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच कराने और छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को अविलंब वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को भाजपा चतरा जिला इकाई की ओर से रैली निकाली गई।

रैली जतराहीबाग देवी मंडप से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए चतरा समाहरणालय के समीप पहुंची। रैली में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।

रैली के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता और सिमरिया विधायक उज्जवल दास ने उपायुक्त, चतरा के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में JPSC/JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की निष्पक्ष CBI जांच कराने के साथ-साथ छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज FIR को अविलंब रद्द करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि JPSC/JSSC द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में झारखंड के छात्रों ने करीब एक महीने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया था। आरोप लगाया गया कि आंदोलन के दौरान छात्रों की आवाज दबाने के लिए राज्य के विभिन्न थानों में FIR दर्ज की गई।

🔴 FIR वापस लेने और CBI जांच की मांग

पूर्व सांसद रविन्द्र राय ने सरकार से मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज सभी FIR को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही JPSC/JSSC की कथित परीक्षा धांधली की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जांच में यदि आयोग के किसी पदाधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

रविन्द्र राय ने कहा कि यह मामला झारखंड के युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पूरे मामले की पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर अविलंब सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।