गुमला:  डुमरी प्रखंड के मझगांव पंचायत अंतर्गत लुचुत पाठ में कथित अवैध बॉक्साइट खनन का मामला सामने आया है। क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और मझगांव पंचायत की मुखिया ज्योति बहेर देवी रात में ही ग्रामीणों के साथ खनन स्थल पर पहुंचीं।

ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही कथित खनन में शामिल लोग अपनी गाड़ियों को खाली कर मौके से फरार हो गए। हालांकि, मुखिया और ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद दो ट्रक और एक जेसीबी मशीन को रोक लिया।

घटना के समय करीब रात 12:30 बजे मुखिया ज्योति बहेर देवी ने आरोप लगाया कि लुचुत पाठ क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बॉक्साइट खनन का कारोबार चल रहा है। उनका आरोप है कि पुलिस-प्रशासन को कई बार इसकी सूचना दिए जाने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है।

🚨 मौके पर पहुंचा वन विभाग

मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के प्रभारी वनपाल राजकुमार साहू मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

डुमरी प्रखंड के आकांक्षी प्रखंड होने के बावजूद क्षेत्र में कथित अवैध खनन पर रोक नहीं लगने को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था और खनन टास्क फोर्स की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

मुखिया ज्योति बहेर देवी ने दूरभाष के माध्यम से गुमला डीसी दिलेश्वर महतो को पूरे मामले की जानकारी दी और अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने ग्रामीणों से अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट और जागरूक रहने की अपील की है।

फिलहाल वन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौके पर पकड़े गए वाहनों और जेसीबी का इस्तेमाल अवैध खनन में किया जा रहा था या नहीं।