रांची: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के कमजोर पड़कर निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने के बाद झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम केंद्र रांची ने राज्य के आठ जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, संताल परगना के तीन जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 नवंबर से राज्य में आसमान मुख्य रूप से साफ होने लगेगा।

संताल परगना के तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र के अनुसार, साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग में गरज के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

5 नवंबर से आसमान होगा साफ, तापमान में आएगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। दिन में आंशिक बादल रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

हालांकि, अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 5 नवंबर से सुबह में कुहासा रहने के बावजूद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।

डाल्टनगंज और रांची में सामान्य से काफी नीचे पहुंचा पारा

बारिश और बादलों के कारण राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री कम होकर 22.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, रांची में पारा सामान्य से 6 डिग्री नीचे गिरकर 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जमशेदपुर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 5.8 डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुमका में 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

बालूमाथ में सबसे ज्यादा 111.5 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। लातेहार जिले के बालूमाथ में सर्वाधिक 111.5 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद कुरडेग में 90.6 मिमी, डाल्टनगंज में 75 मिमी और गारू में 60.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अन्य इलाकों में धालभूमगढ़ में 50 मिमी, घाटशिला में 46.8 मिमी, चंदनकियारी और गुड़ाबांधा में 46.2 मिमी, पुटकी में 44 मिमी तथा जमशेदपुर में 20.6 मिमी बारिश हुई। राजधानी रांची में इस दौरान 8.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

स्पेशल रेपोर्ट्स