जसीडीह में 40.50 लाख की लूट का खुलासा, फर्जी GST अधिकारी बनकर वारदात करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार
देवघर: जसीडीह थाना क्षेत्र में हुई 40 लाख 50 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की रकम के अलावा मोबाइल फोन, लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। मामला 8 अगस्त 2026 का है। पुलिस के अनुसार, टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य सड़क पर स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने मोटरसाइकिल सवार को जबरन रोक लिया। आरोपियों ने खुद को फर्जी GST पदाधिकारी बताया और वादी तथा उसके साथ मौजूद कर्मचारी से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बताया गया कि बैग में करीब 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप रखा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुमोद पोद्दार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और विनोद प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन, 4 लाख 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, क्षतिग्रस्त लैपटॉप, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे और 'पुलिस' लिखा बोर्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और लूट की रकम के संबंध में भी जांच कर रही है।पांच आरोपी गिरफ्तार
पुराने आपराधिक मामले भी दर्ज















