डीसी आलोक कुमार ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संवैधानिक निष्ठा की शपथ
जामताड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को जामताड़ा समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने और अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान करता है। भारतीय संविधान समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है तथा देश के सशक्त लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। समाज में आपसी सम्मान, भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देना तथा देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करना एक जिम्मेदार नागरिक और लोकसेवक का दायित्व है। संविधान दिवस के अवसर पर जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को संवैधानिक मूल्यों एवं नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, डीपीएम जेएसएलपीएस राहुल रंजन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारी उपस्थित थे।संविधान के आदर्शों को अपनाने की अपील
जिले के सरकारी कार्यालयों में भी हुआ उद्देशिका का पाठ














