जामताड़ा में योग्य उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, उपायुक्त आलोक कुमार ने की योजना का लाभ उठाने की अपील
जामताड़ा झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत योग्य घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ दिया जा रहा है। इसे लेकर जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने जिलेवासियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बिजली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, समय पर बिल का भुगतान करने और विद्युत सुरक्षा के नियमों का पालन करने की सलाह दी। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि पात्र घरेलू उपभोक्ता मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत मिलने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त करें और इसका लाभ उठाएं। उन्होंने लोगों से बिजली का अनावश्यक उपयोग नहीं करने तथा जरूरत नहीं होने पर बिजली के उपकरणों को बंद रखने की अपील की। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने पर विद्युत अधिनियम, 2003
की धारा 126 और 135 के तहत जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बिजली चोरी या विद्युत आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को देने की अपील की। उपायुक्त ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि फर्जी बिजली बिल, संदिग्ध फोन कॉल और अनजान लिंक के जरिए ठगी की आशंका रहती है। इसलिए किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। उपायुक्त ने लोगों से खुले बिजली के तारों को नहीं छूने, जर्जर तारों को बदलवाने और बच्चों को बिजली के उपकरणों से दूर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली का सावधानीपूर्वक उपयोग करके दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। जिला प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सरकारी योजना की जानकारी प्राप्त करें, बिजली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी विद्युत समस्या की सूचना संबंधित विभाग को दें।200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ उठाएं योग्य उपभोक्ता
बिजली चोरी करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
साइबर ठगी से रहें सावधान
विद्युत सुरक्षा के नियमों का करें पालन















