गुमला में PLFI के जोनल कमांडर समेत चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई
(PLFI) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, संगठन के प्रतिबंधित पर्चे और मोबाइल फोन सहित कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गुमला के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने अभियान चलाकर बोंगदा गांव से विश्राम कोंगाड़ी समेत पीएलएफआई के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का गुमला, सिमडेगा और खूंटी समेत अन्य जिलों में भी आपराधिक इतिहास रहा है। हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से पीएलएफआई संगठन के छह प्रतिबंधित पर्चे, एक देसी पिस्टल, पिस्तौल के दो मैगजीन, एक देसी बंदूक, एक देसी कट्टा, विभिन्न बोर के सात कारतूस, एक गोली का खोखा और चार मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा जिंदा कारतूस एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की जानकारी दी गई है। कई थानों की पुलिस टीम रही शामिल इस छापेमारी अभियान में बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी, बसिया थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, कामडारा थाना प्रभारी आशीष केसरी, कुरकुरा थाना प्रभारी युधिष्ठिर कुमार प्रजापति और बसिया थाना के सलिल कुमार सहित गुमला की नक्सली क्यूआरटी टीम के जवान शामिल थे। अभियान में कामडारा, कुरकुरा और बसिया थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल ने भी भाग लिया। गुमला पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन की गतिविधियों पर अंकुश लगाने, लेवी वसूली और धमकी जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों और विकास कार्यों में लगे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।














