जमशेदपुर-टेल्को-में-स्कूल-वैन-हादसा-डिवाइडर-से-टकराई-टाटा-विंगर-17-बच्चे-घायल
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के टेल्को
स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरी
टाटा विंगर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वैन
में सवार 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। चालक समेत दो
बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया
गया कि टाटा विंगर चिन्मया
विद्यालय के बच्चों को लेकर स्टेडियम की ओर से जा रही थी।
एन-111 के समीप अचानक वाहन
का संतुलन बिगड़ गया और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि
वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर
अफरा-तफरी मच गई। हादसे
की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के फ्लैटों और घरों में रहने वाले लोग तत्काल घटनास्थल
पर पहुंचे। वैन में फंसे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने तत्परता
दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया
गया। स्थानीय
लोगों के अनुसार, दुर्घटना
की वजह संभवतः सड़क पर एक कार को बचाने के दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ना हो
सकती है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, चिन्मया स्कूल की दिशा से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के
काफी करीब आ गई थी। कार के चालक की गतिविधि पर ध्यान देने और पीछे की ओर देखने के
दौरान वैन चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिसके बाद वैन डिवाइडर से टकरा गई।हालांकि,
दुर्घटना के वास्तविक कारण की आधिकारिक
पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना
की सूचना मिलते ही टेल्को
थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त वैन
को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही
है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी
कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल
घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों को
ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा, वाहन
संचालन और सड़क पर सावधानी बरतने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के
बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।














