जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टेंथ माइल स्टोन होटल में मीटिंग के बाद बाहर निकलते ही दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल निखार को उनके दोस्त तत्काल टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
होटल से बाहर निकलते ही अपराधियों ने की फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, कदमा निवासी और होटल कारोबारी निखार सबलोक सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे चांडिल के टेंथ माइल स्टोन होटल में कुछ दोस्तों के साथ व्यवसाय से जुड़ी बैठक कर रहे थे। बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही वह होटल की सीढ़ियों से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, पहले से घात लगाए दो अपराधियों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
अचानक हुई फायरिंग से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि निखार को चार गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
दोस्तों ने पहुंचाया TMH अस्पताल
फायरिंग की आवाज सुनकर होटल के बाहर गाड़ी में इंतजार कर रहे निखार के दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें वाहन से जमशेदपुर स्थित टीएमएच अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से मिले 9 खोखे
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निखार सबलोक की हत्या के पीछे कौन लोग हैं और वारदात को किस वजह से अंजाम दिया गया।
भाजपा से भी जुड़े थे निखार सबलोक
निखार सबलोक होटल कारोबार से जुड़े होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े बताए जाते हैं। जानकारी के मुताबिक वह विधायक सरयू राय के करीबी भी माने जाते थे। हालांकि, हत्या के पीछे राजनीतिक कारण है या कोई अन्य वजह, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दिनदहाड़े होटल परिसर में हुई इस हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।














