घाघरा, गुमला : 17 अक्टूबर 2026 घाघरा स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति, हनुमान वाटिका में शनिवार को दुर्गा पूजा पंडाल का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाओं से सजे दरबार का उद्घाटन गुमला के पुलिस अधीक्षक हरिस बिन जमा ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया। पट खुलते ही वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरिस बिन जमा ने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख, शांति, बुद्धिमत्ता और समृद्धि प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि शांत वातावरण और हृदय में असीम श्रद्धा एवं भक्ति के माध्यम से ईश्वर की प्राप्ति होती है। उन्होंने पूजा पंडाल की तैयारियों और स्वागत दल की व्यवस्था की सराहना की।

एसपी ने कहा कि किसी भी पूजा समिति या पंडाल का प्राथमिक उद्देश्य सभी लोगों को साथ लेकर चलना और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना होना चाहिए। उन्होंने धर्म, समाज और देश के निर्माण में आपसी सहयोग तथा भाईचारे को महत्वपूर्ण बताया। दुर्गा पूजा के अवसर पर क्षेत्र में चारों ओर उत्साह, उल्लास और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

दुर्गोत्सव बुराई के संहार और अच्छाई की स्थापना का प्रतीक

कार्यक्रम में उपस्थित दिशा सदस्य अनिरुद्ध चौबे ने कहा कि आदिशक्ति और मातृशक्ति की पूजा हमें सृजन और सकारात्मकता का संदेश देती है। माता के विभिन्न स्वरूपों की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बुराई का संहार और अच्छाई की स्थापना ही दुर्गोत्सव का मूल संदेश है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक द्वारा आमंत्रण स्वीकार कर पंडाल का उद्घाटन करने पर आभार जताया। उनके अनुसार, यह अवसर पूजा पंडाल के संरक्षकों, पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों के लिए यादगार बन गया।

पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक और अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, चुनरी और बैज पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद फीता काटकर पंडाल का पट खोला गया। पूजा के दौरान पंडाल के आचार्य पंडित अतुल प्रशांत मिश्रा, पाठकर्ता शिवम मिश्रा और बाबा धनंजय देवघरिया ने उपस्थित श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई।

समिति के पदाधिकारी और गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुखिया योगेंद्र भगत, थाना प्रभारी मोहन सिंह, अनिल भगत, मनोज साहू, आशीष सोनी, समिति के अध्यक्ष मोहर यादव, सचिव रामध्यान साहू, कोषाध्यक्ष बसंत साहू, किशोर जायसवाल, अजय जायसवाल, कृष्णा चिक बड़ाइक, प्रदीप प्रसाद, दिनेश जायसवाल, प्रताप जायसवाल, बिरेंद्र साहू, संतोष भवानी जायसवाल, संजीत साहू, प्रेम साहू, विशाल साहू और दिनु जायसवाल समेत समिति के संरक्षक, पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।