सरायकेला-खरसावां: आमदा ओपी पुलिस ने बंद और सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर कथित गिरोह के सरगना ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने 80 से अधिक सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपी इन जेवरात से संबंधित कोई वैध कागजात पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं कर सका।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

पुलिस को 19 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना अंतर्गत आमदा ओपी के कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी किए गए जेवरात ललन सिंह मोदी ने अपने घर में छिपाकर रखे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर छापामारी टीम का गठन किया गया। सूचना का सत्यापन करने के बाद आमदा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुलगुलिया बस्ती स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही भागने लगे घर के लोग

पुलिस के पहुंचते ही घर में मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा कर ललन सिंह मोदी को पकड़ लिया

इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टीन की अलमारी के नीचे जमीन पर रखे एक झोले में प्लास्टिक की पोटली मिली। पुलिस ने जब पोटली खोली तो उसमें बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए।

अलमारी के नीचे छिपाकर रखे थे जेवर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जेवरात को अलमारी के नीचे झोले में छिपाकर रखा था। बरामद आभूषणों में 21 पायल, 9 सोने के लॉकेट, झुमका, नथिया, ताबीज, चांदी का पंजा, बच्चों के बेरा, ब्रासलेट, गले की चेन, बिछिया, अंगूठी, त्रिशूल और दुर्गा लॉकेट समेत कई सामान शामिल हैं।

इसके अलावा दो चांदी के बिस्कुट भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल संख्या 80 से अधिक है।

पूछताछ में बंद घरों में चोरी का दावा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसका और उसके परिवार का मुख्य काम बंद एवं सुनसान घरों में चोरी करना है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि बरामद जेवरात सरायकेला, खरसावां और आमदा क्षेत्र में उसके बेटे अनु मोदी, रौशन मोदी, बहुओं रूपा मोदी और कुंती मोदी के साथ मिलकर की गई कथित चोरियों से संबंधित हैं।

पुलिस अब मामले में नाम सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया

मामले में आमदा ओपी में कांड संख्या 39/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 को BNS की धारा 317(2), 317(4), 317(5) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही बरामद जेवरात की पहचान और चोरी की अन्य घटनाओं से उनके संबंध की जांच की जा रही है।

बरामद सामान में शामिल प्रमुख जेवरात

  • 21 पायल (बड़ी और छोटी)
  • 9 सोने के लॉकेट
  • झुमका और नथिया
  • ताबीज
  • चांदी के पंजे
  • बच्चों के बेरा
  • 2 ब्रासलेट
  • 3 गले की चेन
  • बिछिया और अंगूठियां
  • त्रिशूल एवं दुर्गा लॉकेट
  • 2 चांदी के बिस्कुट
  • अन्य सोने-चांदी के आभूषण

पुलिस के अनुसार कुल 80 से अधिक पीस बरामद किए गए हैं।