गिरिडीह: बेरगी स्थित केके वर्मा इवनिंग डिग्री कॉलेज में फीस वसूली को लेकर छात्रों का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों ने प्रैक्टिकल एवं डेवलपमेंट के नाम पर 300 रुपये लिए जाने और भुगतान के बदले रसीद नहीं देने का आरोप लगाते हुए कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया।प्रदर्शन में छात्रों के साथ आजसू छात्र संगठन के नेता भी शामिल रहे। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से फीस वसूली की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने और प्रत्येक भुगतान की विधिवत रसीद उपलब्ध कराने की मांग की।छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में प्रति छात्र 300 रुपये की राशि प्रैक्टिकल अथवा डेवलपमेंट शुल्क के नाम पर ली जा रही है। छात्रों के अनुसार यह राशि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जमा कराई जा रही है, लेकिन भुगतान के बाद रसीद उपलब्ध नहीं कराई जा रही।छात्रों ने सवाल उठाया कि जब कॉलेज में जमा होने वाले अन्य शुल्कों की रसीद दी जाती है, तो प्रैक्टिकल और डेवलपमेंट के नाम पर ली जा रही राशि की रसीद क्यों नहीं दी जा रही है।प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि अजय नामक व्यक्ति द्वारा उक्त राशि की वसूली की जा रही है। इसे लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आजसू छात्र नेताओं ने भी शुल्क वसूली प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि छात्रों से किसी भी मद में राशि लेने पर उसका स्पष्ट विवरण और भुगतान की रसीद दी जानी चाहिए।छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से मांग की कि किस मद में कितनी राशि ली जा रही है, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही जिन छात्रों से राशि ली जा चुकी है, उन्हें भी विधिवत रसीद उपलब्ध कराई जाए। छात्रों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की है।वहीं, कॉलेज के प्रिंसिपल किशोर वर्मा ने बताया कि छात्रों से डेवलपमेंट के नाम पर राशि ली जा रही है। रसीद नहीं दिए जाने के सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि फिलहाल छात्रों को रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों को रसीद उपलब्ध करा दी जाएगी।फिलहाल फीस वसूली को लेकर कॉलेज में छात्रों की नाराजगी बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि जब तक शुल्क वसूली की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं होती और सभी भुगतान की रसीद उपलब्ध नहीं कराई जाती, उनका विरोध जारी रहेगा।