गिरिडीह: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के 17 सितंबर को होने वाले श्राद्ध (बारहवीं) कार्यक्रम को लेकर गिरिडीह शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में VVIP, VIP और अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी की ओर से आम सूचना जारी की गई है।

सुबह 9 बजे से भारी वाहनों पर रोक

प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस-प्रशासन को निगरानी के निर्देश

ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस और संबंधित अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने जारी दिशा-निर्देशों का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार व्यवस्था को नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया है।

वाहन चालकों और शहरवासियों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि 17 सितंबर को निर्धारित समय के दौरान भारी मालवाहक वाहनों को गिरिडीह शहरी क्षेत्र में नहीं लाएं। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से यातायात बाधित नहीं करने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।प्रशासन के मुताबिक, यह यातायात व्यवस्था कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और शहर में सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।