गिरिडीह के चित्तरडीह में एक ही रात तीन घरों के ताले टूटे, लाखों की चोरी से मचा हड़कंप
गिरिडीह: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्तरडीह गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, साड़ी समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। एक साथ तीन घरों में चोरी के बाद ग्रामीणों में दहशत और पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। जानकारी के अनुसार, बीती रात चोरों ने ननकी देवी, कंचन देवी और सुलेखा देवी के घरों को निशाना बनाया। परिवार के कुछ सदस्य रिश्तेदार के यहां गए हुए थे, जबकि दो परिवारों के सदस्य बगल के घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने करीब एक घंटे के भीतर तीनों घरों के ताले तोड़े और सामान लेकर फरार हो गए। चोरों ने घरों में रखे चांदी के जेवर, कुछ सोने के आभूषण, नगदी, पीतल और अन्य धातु के बर्तन, साड़ी समेत घरेलू सामान चोरी कर लिया। परिजनों के घर लौटने पर घटना का पता चला। टूटे हुए ताले और घर में बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित परिवारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत और मजदूरी से उन्होंने जेवर, बर्तन और अन्य सामान जुटाए थे, जिन्हें बच्चों की शादी और भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित रखा गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, चित्तरडीह और आसपास के इलाकों में पिछले करीब दो वर्षों से चोरी की घटनाएं चिंता का विषय रही हैं। हालांकि, पिछले करीब छह महीने से चोरी की कोई बड़ी वारदात सामने नहीं आई थी। अब एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में फिर से भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और पुरानी चोरी की घटनाओं का भी उद्भेदन करने की मांग की है। ग्रामीणों के बीच क्षेत्र में कथित रूप से जुआरियों के जमावड़े और चोरी की घटनाओं के बीच संबंध होने की चर्चा भी है। हालांकि, इस दावे की पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घरों से जेवर और घरेलू सामान चोरी
छह महीने बाद फिर लौटा चोरी का खौफ
जुआरियों के जमावड़े की चर्चा, पुलिस की पुष्टि नहीं















