कोडरमा जिले के डोमचांच अंचल कार्यालय में सोमवार को भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी रविंद्र पांडे के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीण कालीमंडा से रैली निकालते हुए कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग के रास्ते प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और अंचल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर अंचलाधिकारी पर मनमानी भ्रष्टाचार म्यूटेशन सहित विभिन्न राजस्व कार्यों में अनियमितता तथा आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का कहना था कि जमीन से जुड़े मामलों के निष्पादन में पारदर्शिता की कमी है जिससे लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि राजस्व संबंधी कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए ताकि आम लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि आम जनता को सरकारी सेवाएं समय पर पारदर्शी और बिना किसी परेशानी के मिलनी चाहिए। इस आंदोलन को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता सुभाष प्रसाद यादव ने भी समर्थन दिया।प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन उपायुक्त कोडरमा को सौंपा। मौके पर पप्पू मेहता विजय सिंह संजय मेहता मनोज रजक, रविंद्र सिंह, भीम सिंह, वीरेंद्र कराटे, परवेज खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।नोट: इस खबर में लगाए गए आरोप प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के हैं। अंचलाधिकारी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।