चंदनकियारी बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड परिसर में खरीफ फसल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों के बीच मक्का एवं मूंग के बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए बीज प्राप्त किए।कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित विधायक पुत्र मुकेशकांत ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि मक्का और मूंग जैसी फसलों की खेती से बेहतर उत्पादन के साथ-साथ किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।कृषि विभाग के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान करीब 250 किसानों को मूंग तथा लगभग 175 किसानों को मक्का के बीज वितरित किए गए। हालांकि, बीज की सीमित उपलब्धता के कारण वितरण के दौरान विभाग को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। किसानों को व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध कर बीज वितरित किए गए।कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी मो. शहीद, बीटीएम हर्षवती लंगूर, एटीएम मिनाज अंसारी, हनीफ अंसारी, नरेश भगत सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कृषि विभाग ने किसानों से वितरित बीजों का समय पर उपयोग कर खरीफ फसल की बेहतर पैदावार सुनिश्चित करने की अपील की।