धनबाद:  नगर निगम के कचरा ढोने वाले वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल धैया ठाकुरकुल्ही निवासी 32 वर्षीय मिथलेश रजक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को लोगों ने लुबी सर्कुलर रोड स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ परिवार के एक सदस्य को नियोजन देने की मांग की।जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की है। मिथलेश रजक अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गलीनुमा सड़क पर नगर निगम की कचरा ढोने वाली गाड़ी बैक हो रही थी। इसी क्रम में वह वाहन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद परिजनों ने मिथलेश रजक को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मिथलेश की मौत हो गई।मृतक मिथलेश रजक शादीशुदा थे और तीन बच्चों के पिता थे। वह कपड़े धोने और प्रेस करने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

शव रखकर किया प्रदर्शन, मुआवजा और नियोजन की मांग

गुरुवार को मृतक के परिजन और स्थानीय लोग शव लेकर लुबी सर्कुलर रोड स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने नगरनिगम प्रशासन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नियोजन उपलब्ध कराने की मांग की।प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम लग गया और कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि मिथलेश रजक परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और तीन बच्चों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन से परिवार की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द उचित सहायता, मुआवजा और नियोजन देने की मांग की है।