चिरकुंडा में 5 दिन से पानी संकट जल दो या जेल दो के नारों से गूंजा इलाका
धनबाद: भीषण गर्मी के बीच चिरकुंडा में पिछले पांच दिनों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। पानी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सड़क पर उतर आए और चिरकुंडा ऊपर बाजार स्थित गांजा गली के सामने पुराने जीटी रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “पानी नहीं तो रास्ता नहीं” और “जल दो या जेल दो” जैसे नारे लगाए।वार्ड संख्या 3, 8, 10 और 18 से पहुंचे लोगों ने सड़क पर बैठकर नगर परिषद के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नगर परिषद की ओर से पेयजल शुल्क तो लिया जा रहा है, लेकिन लोगों को नियमित और स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उनका कहना था कि पांच दिनों से जलापूर्ति ठप होने के कारण घरों में पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि जेकेआरआर स्कूल के पास स्थित पुरानी पानी की टंकी जर्जर हो चुकी है। लोगों का सवाल है कि पुरानी टंकी की मरम्मत करने के बजाय श्रम कल्याण केंद्र में नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। नई टंकी तैयार होने तक शहर के लोगों को पानी कैसे मिलेगा, इसे लेकर भी लोगों में नाराजगी है। पानी की किल्लत का असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर भी पड़ रहा है।वार्ड पार्षद सरिता देवी और काशी साव ने भी माना कि पिछले पांच दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों में काफी आक्रोश है। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।विधायक ने लोगों को दो दिनों के भीतर पेयजल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही नगर परिषद को तत्काल टैंकर के माध्यम से प्रभावित इलाकों में पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विधायक के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ।वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम प्रगति पर है। उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। तब तक प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि जेकेआरआर स्कूल के पास स्थित जलमीनार काफी जर्जर हो चुकी है। नई पानी की टंकी के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। फिलहाल सप्लाई लाइन के पानी को सीधे घरों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। उन्होंने जल संकट के कारण नगरवासियों को हो रही परेशानी पर खेद जताते हुए जल्द व्यवस्था बहाल करने की बात कही।गौरतलब है कि चिरकुंडा के अलग-अलग वार्डों में जलापूर्ति बाधित होने की समस्या सामने आती रही है। हाल में वार्ड संख्या दो में भी कई दिनों तक जलापूर्ति बाधित रहने की खबर सामने आई थी, जिससे हजारों लोगों के प्रभावित होने की बात कही गई थी।अब लोगों की नजर इस बात पर है कि विधायक और नगर परिषद के आश्वासन के बाद अगले दो दिनों में जलापूर्ति कितनी प्रभावी ढंग से बहाल होती है और चिरकुंडा के पेयजल संकट का स्थायी समाधान कब निकलता है।














