छतरपुर में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर समन्वय बैठक, नगर अध्यक्ष ने साफ-सफाई और रोशनी के दिए निर्देश
छतरपुर दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नगर पंचायत छतरपुर कार्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने की। इसमें कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक और नगर पंचायत क्षेत्र की सभी 12 दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, संरक्षक एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा का त्योहार आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान पूजा समितियों की तैयारियों की समीक्षा की गई और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने पर्व के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने पर जोर दिया। बैठक में नगर पंचायत के अधिकारियों और पूजा समिति के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाकर पर्व की तैयारियों को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान नगर क्षेत्र में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है। नगर पंचायत प्रशासन और पूजा समितियों ने आपसी सहयोग से त्योहार को व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर सहमति जताई।आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने पर सहमति
साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था पर जोर
सभी समितियों से सहयोग की अपील














