चंदनकियारी प्रतिनिधि बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत नौडीहा में 8 से 10 नवंबर तक वृहत एवं भव्य इज्तिमा का आयोजन किया जाएगा। इस्लाहुल मुस्लेमिन कमिटी चंदनकियारी-चास की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को नौडीहा पंचायत सचिवालय में सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में विधायक उमाकांत रजक समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि नौडीहा में आयोजित होने वाला इज्तिमा भव्य और व्यापक स्तर पर संपन्न होगा। यह कार्यक्रम चंदनकियारी में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करने का अवसर है। उन्होंने सभी लोगों से मिल-जुलकर आयोजन को सफल बनाने और एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की।

विधायक ने कहा कि आयोजन कमेटी जिले के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से विधिवत मुलाकात कर प्रस्तावित कार्यक्रम का स्वरूप लिखित रूप में प्रस्तुत करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिस स्तर पर सहयोग की आवश्यकता होगी, वह हरसंभव मदद के लिए तैयार रहेंगे।

सभी समुदायों से सहयोग की अपील

बैठक में जेएलकेएम नेता अर्जन रजवार ने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वह अपनी पूरी टीम के साथ सहयोग करेंगे। वहीं, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जवाहर लाल माहथा ने कहा कि चंदनकियारी में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं और एक-दूसरे के कार्यक्रमों में सहयोग करते हैं। उन्होंने इज्तिमा को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशिष मंडल ने भी आयोजन को भव्य बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम की सफलता के लिए मिलकर काम करने की बात कही।

इस्लाम की शिक्षा और भाईचारे का संदेश देगा इज्तिमा

कार्यक्रम के प्रभारी उमर फारूख ने बताया कि इज्तिमा का मुख्य उद्देश्य इस्लाम की शिक्षा, कुरान और हदीस के अनुसार जीवन जीने, इबादत, गुनाहों की माफी और आपसी भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में चतरा जोन के 11 जिलों से लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बैठक का संचालन मोहम्मद अनवार अंसारी ने किया। मौके पर जवाहर लाल माहथा, अर्जन रजवार, मोहम्मद सोएब अंसारी, मिनहाज अंसारी, खलील अंसारी, अलीमुद्दीन अंसारी, कुमुद महतो, मंटु लाल माहथा, भवानी महतो, बद्रीनारायण सिंह चौधरी, शांतिराम ठाकुर, ओपी प्रभारी शैलेन्द्र पासवान समेत चंदनकियारी क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में आयोजन की तैयारियों, प्रशासनिक समन्वय और विभिन्न स्तरों पर सहयोग को लेकर चर्चा की गई। आयोजकों का उद्देश्य कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के संदेश को मजबूत करना है।