रामगढ़ : रामगढ़ जिले के चितरपुर-रजरप्पा फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों से भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी छह लोग घायल हुए, हालांकि सभी की हालत सुरक्षित बताई जा रही है। सभी को हल्की चोटें आई हैं। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

बताया गया कि कार में सवार सभी लोग पटना, बिहार से रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे थे। इसी दौरान चितरपुर बोतल मोड़ के पास रेलवे लाइन के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया।

अनियंत्रित होने के बाद कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 10 मीटर दूर सड़क किनारे झाड़ियों से भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद दुर्घटना की जानकारी रजरप्पा थाना पुलिस को दी गई।

चालक के अनुसार, कार में कुल छह लोग सवार थे और सभी ने थोड़ी शराब पी रखी थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में दुर्घटनाग्रस्त कार को गड्ढे से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।