बरहरवा: साइबर सेल/हावड़ा और DSC/RPF मालदा से मिले PRABAL इनपुट के आधार पर RPF बरहरवा और स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को उत्तर पीयारपुर स्थित एक प्रज्ञा केंद्र में संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान व्यक्तिगत IRCTC यूजर आईडी के जरिए कथित रूप से अनधिकृत रेलवे ई-टिकट बुकिंग करने के मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
RPF इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में ASI जलेश्वर कुमार दुबे, CT अनिल कुमार साह, CT अमरेश कुमार और राधानगर थाना पुलिस की टीम ने प्रज्ञा केंद्र में छापेमारी की। तलाशी के दौरान 28 वर्षीय गोलाम मोहम्मद को व्यक्तिगत IRCTC यूजर आईडी के माध्यम से ई-टिकट बुकिंग करते हुए पकड़ा गया।
9 व्यक्तिगत यूजर आईडी और 9 ई-टिकट बरामद
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 9 व्यक्तिगत यूजर आईडी, 3 लाइव/भविष्य यात्रा के ई-टिकट और 6 पूर्व यात्रा के ई-टिकट बरामद किए गए। जब्त ई-टिकटों की कुल कीमत 19,579.80 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा टीम ने मौके से एक HP लैपटॉप, एक Lenovo लैपटॉप और एक Realme मोबाइल फोन भी जब्त किया है। सभी जब्त सामानों को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर कब्जे में लिया गया।
व्यक्तिगत आईडी से व्यावसायिक टिकट बुकिंग का आरोप
RPF अधिकारियों के अनुसार, आरोपी द्वारा रेलवे के नियमों का उल्लंघन करते हुए व्यक्तिगत IRCTC यूजर आईडी का इस्तेमाल कथित तौर पर व्यावसायिक टिकट बुकिंग के लिए किया जा रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त कार्रवाई के बाद रेलवे ई-टिकट की अनधिकृत बुकिंग से जुड़े नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद डिजिटल उपकरणों और यूजर आईडी की भी जांच की जाएगी, ताकि इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।














