पुरुलिया बाघमुंडी में 459 किलो डोडा बरामद स्कॉर्पियो से तस्करी दो गिरफ्तार
पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस को मादक पदार्थों की कथित तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झालदा-बलरामपुर राज्य मार्ग पर नाका चेकिंग अभियान चलाकर एक स्कॉर्पियो वाहन से 459.14 किलोग्राम संदिग्ध डोडा यानी पोस्त की खाल बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने झालदा-बलरामपुर राज्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान रात करीब 12:55 बजे संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन WB 48 F 7197 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 15 नायलॉन के बोरे मिले।पुलिस के अनुसार, बोरों की जांच के दौरान कुल 459.14 किलोग्राम पोस्त की खाल, जिसे डोडा कहा जाता है, बरामद की गई। मामले में पुलिस ने बीरभूम जिले के इलामबाजार निवासी हसन अली उर्फ लालन और शेख कुर्बान को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बाघमुंडी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।पुलिस को आशंका है कि इस मामले के पीछे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा बड़ा नेटवर्क हो सकता है। जांच के दौरान इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और आपूर्ति श्रृंखला की भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और मामले में आगे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।रात में रोकी गई संदिग्ध स्कॉर्पियो
बीरभूम के दो आरोपी गिरफ्तार
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस















