24 घंटे की बारिश ने मचाई तबाही, हल्दीपोखर में 3 घर जमींदोज, बेघर परिवारों को प्रशासन ने दिया तिरपाल
पोटका: पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण हल्दीपोखर क्षेत्र में करीब एक दर्जन घरों को नुकसान पहुंचा है। इनमें तीन घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं। मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है और कई परिवार बेघर हो गए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पोटका की सीओ निकिता बाला ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बारिश से हुए नुकसान का आकलन कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। क्षतिग्रस्त घरों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं, अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए राजस्व कर्मचारी लिट्टा मारडी एवं ग्राम सेवक जगतपति मंडल की उपस्थिति में पीड़ित परिवारों को तिरपाल उपलब्ध कराया गया। सीओ निकिता बाला ने बताया कि बारिश के कारण जिन घरों को क्षति पहुंची है, उनका विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लगातार बारिश के बीच प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ-साथ नुकसान का आकलन किया जा रहा है।















