रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत कुजू ओपी क्षेत्र के बोंगावार जंगल स्थित कोरिया घाटी सरना स्थल के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है।मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुबह के समय एक स्थानीय ग्रामीण दतवन पत्ता तोड़ने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। इसके बाद यह खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत कुजू ओपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आरक्षी अवर निरीक्षक ओमकार पाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पंचनामा पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया।खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया पर फोटो साझा कर आम लोगों से पहचान करने की अपील की है।