देवघर जिले के सारठ विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सारठ मधुपुर मुख्य सड़क एनएच-114 पर सिमरामोड़ के समीप तेज रफ्तार कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पर मौजूद एक गाय को टक्कर मारी जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही पथरड्डा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान सारठ थाना क्षेत्र के मंझली करहिया गांव निवासी डिगन दास के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है।वहीं कार में सवार घायल नवीन राय और प्रमोद राय को तत्काल सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर रेफर कर दिया गया।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।