पोटका प्रखंड के गवालकाटा पंचायत स्थित सबरनगर राजकीय अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आने के बाद विधायक संजीव सरदार सख्त नजर आए। शनिवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया जिसमें 248 आदिवासी छात्र मूलभूत सुविधाओं के अभाव में रहने को मजबूर मिले।निरीक्षण के दौरान नाश्ते और भोजन व्यवस्था में भारी गड़बड़ी सामने आई। छात्रों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलता। हॉस्टल और शौचालय की हालत बेहद खराब थी चारों ओर गंदगी दुर्गंध और पानी की भारी कमी देखने को मिली।कमरों में पंखे रोशनी और बिस्तरों पर चादर जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। छात्रों ने यह भी शिकायत की कि दूध में पानी मिलाया जाता है और पोषण युक्त आहार की जगह केवल औपचारिकता निभाई जाती है। रसोई में घटिया तेल के इस्तेमाल और पानी की कमी से भोजन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।विद्यालय में बिजली जेनरेटर और खेल सामग्री का भी अभाव पाया गया। छात्रों ने बताया कि मांग करने पर उल्टा भोजन में कटौती कर दी जाती है।विधायक संजीव सरदार ने इस स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए प्रधानाध्यापक और सुपरिटेंडेंट को कड़ी फटकार लगाई और सात दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधित कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।साथ ही विधायक ने आश्वासन दिया कि छह महीने के भीतर विद्यालय की स्थिति पूरी तरह सुधार दी जाएगी।