पोटका प्रखंड में शुक्रवार शाम आए भीषण चक्रवाती तूफान ओलावृष्टि और तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी। हल्दीपोखर और जुड़ी समेत कई पंचायत क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है।तेज आंधी के कारण दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों और बिजली के तारों पर गिर गए जिससे कई इलाकों में पिछले 20 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है क्योंकि मोटर और जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बंद हो गई है। ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है और अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है।इधर गिरी भारती हाई स्कूल के पास सड़क के बीचों बीच एक विशाल पेड़ गिर जाने से दर्जनों गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। आवागमन ठप होने के कारण लोगों को लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।शनिवार सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई छात्र छात्राओं को कई किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचना पड़ा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद भी प्रशासन की ओर से पेड़ हटाने या बिजली बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द बिजली बहाल करने सड़कों को चालू कराने और राहत कार्य शुरू करने की मांग की है ताकि जनजीवन सामान्य हो सके।