धनबाद में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल स्टील गेट पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने की तैयारी की गई है।शुक्रवार को महापौर संजीव सिंह, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार और ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने स्टील गेट इलाके का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जाम की मुख्य वजहों का आकलन किया और मौके पर ही समाधान पर चर्चा की।महापौर संजीव सिंह ने बताया कि स्टील गेट मोड़ पर बना कट जाम का सबसे बड़ा कारण है जिसे अब बंद किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत वाहनों को आगे निर्धारित स्थान से यू-टर्न लेने की सुविधा दी जाएगी जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और आवागमन सुचारू रूप से चल सकेगा।इसके अलावा सड़क किनारे लगे होर्डिंग और विज्ञापन बोर्ड को भी व्यवस्थित किया जाएगा, क्योंकि इनकी वजह से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और जाम की स्थिति पैदा होती है।ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नया ट्रैफिक प्लान फिलहाल ट्रायल के तौर पर लागू किया जाएगा। यदि यह सफल रहता है, तो इसे स्थायी रूप से लागू कर दिया जाएगा।स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस नई पहल से स्टील गेट क्षेत्र में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।