चांडिल सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कारनीडीह स्थित HLM पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग NH पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो ऑटो की आमने सामने हुई जोरदार टक्कर में करीब 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हाइवे किंग के नाम से प्रसिद्ध शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उनकी पहल पर पाटा टोल की एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पहुंची, जिसके माध्यम से सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया।स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकालने और अस्पताल भेजने में मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी थी।सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ऑटो आसपास के क्षेत्रों के बताए जा रहे हैं।फिलहाल सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। समय पर राहत कार्य शुरू होने से घायलों को जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।