जामताड़ा पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल SIT ने गुप्त सूचना के आधार पर फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ी पुल के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान एक कुख्यात अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार पुलिस को देखते ही लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान फिरोज अंसारी पिता सिकंदर अंसारी निवासी तुलसडाबर थाना चितरा जिला देवघर के रूप में हुई।तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में फतेहपुर थाना कांड संख्या 21/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 29 मई 2026 को फतेहपुर बाजार में स्वर्ण व्यवसायी अमरजीत वर्मण से हथियार के बल पर नगदी और सोने चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि उसने इस वारदात को अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।पूछताछ के दौरान आरोपी ने देवघर दुमका और जामताड़ा जिलों में लूट डकैती हत्या और अन्य गंभीर अपराधों सहित करीब 18 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से भी कई संगीन मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।