बाघमारा सिजुआ मजदूर प्रदर्शन
बाघमारा बीसीसीएल के सिजुआ एरिया 5 स्थित महाप्रबंधक
कार्यालय के सामने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले मजदूरों और नेताओं ने जोरदार
प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने बीएलए आउटसोर्सिंग कंपनी को टर्मिनेट करने की
मांग करते हुए प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि कंपनी ने टेंडर
लेने के बावजूद निर्धारित 20 दिनों के भीतर बैंक गारंटी जमा नहीं की जो नियमों का स्पष्ट
उल्लंघन है।संयुक्त मोर्चा नेताओं ने आशंका जताई कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से
बैक डेट में बैंक गारंटी स्वीकार कर नियमों को दरकिनार करने की कोशिश हो सकती है।मजदूरों
का कहना है कि वर्तमान में डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के तहत काम कर रहे करीब 450 मजदूरों की रोजी रोटी पर संकट मंडरा रहा है। नई कंपनी के आने से उनके सामने
बेरोजगारी का खतरा खड़ा हो सकता है।प्रदर्शनकारियों ने बीएलए कंपनी की आर्थिक
स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो कंपनी समय पर बैंक गारंटी जमा नहीं कर सकी उसे काम देना मजदूरों और उत्पादन दोनों के हित में नहीं है।संयुक्त
मोर्चा ने मांग की है कि डेको आउटसोर्सिंग कंपनी का कार्यकाल बढ़ाया जाए ताकि मजदूरों को एचपीसी के तहत मिलने वाला वेतन और रोजगार
सुरक्षित रह सके।नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी
बीसीसीएल प्रबंधन की होगी।















