गढ़वा केतार थाना क्षेत्र के खैरवा गांव के समीप वर्ष 2021 में हुए चर्चित लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी अमरजीत कुमार चौधरी को पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2021 को दोपहर के समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक फाइनेंस कर्मी से उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर केतार थाना कांड संख्या-11/21 दर्ज किया गया था।मामले के अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अमरजीत कुमार चौधरी की संलिप्तता सामने आई थी। हालांकि घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।पुलिस अधीक्षक को 28 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी किसी निजी कार्य से अपने गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक भवनाथपुर अंचल गुलाब सिंह, केतार थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। टीम ने रोहतास बिहार स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।