धनबाद बाघमारा सिनीडीह में धमाके से दहशत
धनबाद बाघमारा क्षेत्र एक
बार फिर भूधसान और ब्लास्टिंग के खतरे को लेकर चर्चा में है। बीसीसीएल एरिया 3 के महेशपुर कोलियरी अंतर्गत सिनीडीह
इलाके में शुक्रवार अहले सुबह हुए जोरदार धमाके जैसी आवाज के बाद कई
घरों में दरारें पड़ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार सिनीडीह से चिटाही
जाने वाले मार्ग पर स्थित लफड़ा मोड़ के समीप अचानक तेज
धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के कई मकानों की दीवारों
में दरारें आ गईं। आवाज सुनते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षा के
मद्देनजर जरूरी सामान निकालने लगे।घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण
मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई घरों से लगातार चरमराहट की आवाजें
सुनाई देती रहीं जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई। स्थानीय परिवारों का कहना है
कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने
आरोप लगाया कि घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर संचालित आउटसोर्सिंग परियोजना में नियमित रूप
से भारी ब्लास्टिंग की जाती है। उनका मानना है कि इसी ब्लास्टिंग का असर अब उनके
घरों पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वे अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर
रहे हैं और बेघर होने की स्थिति पैदा हो गई है।ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन से
मांग की है कि प्रभावित परिवारों का सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास किया जाए और
क्षेत्र में हो रही भारी ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए।घटना की जानकारी मिलते
ही सीआईएसएफ स्थानीय
पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा
लिया। एहतियात के तौर पर संबंधित आउटसोर्सिंग परियोजना का कार्य फिलहाल बंद करा
दिया गया है तथा पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण
माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से भूधसान और ब्लास्टिंग
के खतरे के बीच जीवन गुजार रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन पर
टिकी है कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते
हैं।














