हजारीबाग में रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद के चुनाव के महज दो दिन बाद ही विवाद गहराता नजर आ रहा है। महंत विजयानंद दास द्वारा टोनी जैन को स्वागत समिति का अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।श्री श्री चैत्र महावीर झंडा पूजा महासमिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि महासमिति अध्यक्ष का चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों एवं पूर्व अध्यक्षों की सहमति से हुआ है।करण यादव ने स्पष्ट कहा कि परंपरानुसार महासमिति की कार्यकारिणी के गठन और उससे जुड़े सभी निर्णय लेने का अधिकार केवल निर्वाचित अध्यक्ष को ही होता है। ऐसे में स्वागत समिति के अध्यक्ष की एकतरफा घोषणा स्थापित परंपराओं के खिलाफ है और महासमिति के अधिकारों का सीधा हनन है।उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के निर्णय से अखाड़ा समितियों कार्यकर्ताओं और रामनवमी से जुड़े श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है जिससे आयोजन की समन्वय व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।इस मामले को लेकर करण यादव उर्फ लड्डू यादव ने जिले के उपायुक्त महासमिति के पूर्व अध्यक्षों और महंत विजयानंद दास को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए परंपराओं के अनुरूप निर्णय सुनिश्चित करने और महासमिति अध्यक्ष के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की है।उन्होंने सभी पक्षों से अपील की है कि परंपराओं का सम्मान करते हुए महासमिति के साथ समन्वय बनाकर निर्णय लिया जाए ताकि रामनवमी महोत्सव शांतिपूर्ण गरिमामय और सफल तरीके से आयोजित हो सके।