जमशेदपुर देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू आगामी 26 फरवरी को जमशेदपुर दौरे पर आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर जगन्नाथ ट्रस्ट द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति इस दौरान कदमा स्थित मरीन ड्राइव में निर्माणाधीन भव्य श्री जगन्नाथ मंदिर एवं आध्यात्मिक केंद्र के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी।बताया जा रहा है कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में बन रहे इस भव्य मंदिर में भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र विराजमान होंगे। मंदिर परिसर में एक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र भी विकसित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को गीता रामायण सहित अन्य हिंदू ग्रंथों का ज्ञान दिया जाएगा। यह कोर्स 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।करीब 2.5 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहा यह मंदिर पूरी तरह पत्थर से निर्मित होगा। मंदिर निर्माण के लिए राजस्थान से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। ट्रस्ट के अनुसार मंदिर का निर्माण कार्य चार वर्षों में पूर्ण होने की संभावना है।जगन्नाथ ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि जब द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल थीं उसी समय इस भूमि का अधिग्रहण किया गया था लेकिन कुछ तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से मंदिर का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। अब सभी अड़चनें दूर होने के बाद अंततः मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।