जामताड़ा प्रखंड के नेशनल हाईवे 419 NH-419 पर बुधुडीह के पास बना नया पुल इन दिनों गंभीर चिंता का विषय बन गया है। जिस पुल से स्थानीय लोगों और राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद थी वही अब खतरे का कारण बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे मौत का दरवाजा तक करार दिया है।स्थानीय निवासी किशोर मंडल और नसीम अंसारी ने पुल निर्माण में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह पुल महज एक महीने पहले ही बनकर तैयार हुआ था और हाल ही में इसे आवागमन के लिए खोला गया लेकिन शुरुआत में ही इसकी खामियां उजागर हो गईं।ग्रामीणों के अनुसार, पुल पर कई जगहों पर गहरी दरारें पड़ गई हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि दरारों के बीच से नीचे की सड़क तक साफ दिखाई देती है। इससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।लोगों का कहना है कि निर्माण में इस्तेमाल किया गया सीमेंट और गिट्टी बेहद कमजोर है जिसे हाथ से भी तोड़ा जा सकता है।इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण जल्द कराने की अपील की है ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।