देवघर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से देवघर सदर अस्पताल में आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को सुरक्षित प्रसव नवजात शिशुओं की प्रारंभिक देखभाल, जन्म के तुरंत बाद अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं स्तनपान की शीघ्र शुरुआत और प्रसवोत्तर स्वास्थ्य जांच से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रसव के दौरान निर्धारित स्वास्थ्य मानकों का पालन करना बेहद आवश्यक है, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रह सकें। साथ ही नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण और पोषण संबंधी आवश्यक पहलुओं पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।कार्यक्रम में समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यरत आंगनबाड़ी सेविकाएं और स्वास्थ्य कर्मी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, इसलिए उनकी क्षमता वृद्धि बेहद महत्वपूर्ण है।अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों की दक्षता बढ़ेगी और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सूचकांकों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।