दुमका  बासुकीनाथ नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े पुराने मिडिल स्कूल भवन को पुस्तकालय में परिवर्तित करने की मांग को लेकर सेवा संकल्प संगठन के सदस्यों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सारजन मरांडी को ज्ञापन सौंपा।बताया गया कि सब्जी मंडी के समीप स्थित यह पुराना मिडिल स्कूल कई वर्षों से बंद पड़ा है और वर्तमान में जर्जर अवस्था में है। संगठन के सदस्यों ने मांग की कि भवन की मरम्मत कर इसे आधुनिक पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जाए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सेवा संकल्प संगठन के सदस्य अनुराग तिवारी ने कहा कि क्षेत्र में पुस्तकालय की कमी है। यदि बंद पड़े विद्यालय भवन को दुरुस्त कर पुस्तकालय बनाया जाता है तो स्थानीय छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारी में काफी मदद मिलेगी।इस अवसर पर मौजूद कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोहित रंजन ने संगठन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी से इस संबंध में सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस मांग को उठाया जाएगा।स्थानीय लोगों का मानना है कि बंद पड़े भवन का सदुपयोग कर पुस्तकालय स्थापित किया जाना शिक्षा और युवा विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।