मधुपुर नगर परिषद चुनाव में नामांकन का अंतिम दिन, अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए बड़ी संख्या में पर्चे दाखिल
मधुपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर नामांकन
प्रक्रिया के अंतिम दिन बुधवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में भारी गहमा-गहमी
देखने को मिली। नामांकन को लेकर विभिन्न वार्डों से आए प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों
और समर्थकों के साथ अनुमंडल कार्यालय पहुंचे जिससे पूरे दिन
चुनावी माहौल बना रहा।बुधवार अपराह्न तीन बजे तक अध्यक्ष पद के लिए निर्वाची
पदाधिकारी अमर प्रसाद के समक्ष एक प्रत्याशी ने नामांकन पर्चा दाखिल किया जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 16
प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी
यामुन रविदास एवं विनय कुमार पाण्डेय के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया।भीड़ को
नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा अनुमंडल कार्यालय परिसर में बैरिकेडिंग की
व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पर्याप्त संख्या में पुलिस
बल की तैनाती की गई जिससे नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से
संपन्न हो सकी।प्रशासन के अनुसार नामांकन की पूरी प्रक्रिया दिनभर शांतिपूर्ण
माहौल में संपन्न कराई गई। अब तक अध्यक्ष पद के लिए कुल 7 प्रत्याशियों ने
नामांकन दाखिल किया है जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 133 प्रत्याशियों ने अपने
पर्चे जमा किए हैं। हालांकि अंतिम आंकड़े स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट
हो पाएंगे।बताया गया कि गुरुवार को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी और शनिवार को
प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद मधुपुर नगर परिषद चुनाव
का असली चुनावी प्रचार और तेज होने की संभावना है।














