लोहरदगा राज्य सरकार द्वारा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लोहरदगा पुलिस को 14 नए महिन्द्रा बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।लोहरदगा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को नई गति मिलेगी। अब पुलिस की पहुंच केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।उन्होंने कहा कि इससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा किसी भी घटना या सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाएगी। राज्य सरकार द्वारा जिले की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि आम जनता को बेहतर सुरक्षा का माहौल मिल सके।मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों को नए वाहन आवंटित किए गए हैं जिसके तहत लोहरदगा को 14 बोलेरो वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों का वितरण विभिन्न थाना क्षेत्रों में किया गया है।लोहरदगा सदर थाना को 3 भंडरा को 2 कुडू को 2 सेन्हा को 2 कैरो को 1 किस्को को 1 बगड़ू को 1 लोहरदगा यातायात पुलिस को 1 तथा पुलिस लाइन को 1 वाहन दिया गया है।एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि सभी वाहनों के सुचारू संचालन रखरखाव एवं प्रभावी उपयोग के लिए संबंधित पदाधिकारियों और वाहन चालकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से पेट्रोलिंग व्यवस्था और सुदृढ़ होगी जिससे आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा तथा जरूरतमंदों तक पुलिस की मदद और भी तेजी से पहुंच सकेगी।