लोहरदगा शांति समिति बैठक
लोहरदगा सदर थाना परिसर में मंगलवार शाम शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर सीओ रामनारायण खलखो एवं पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने संयुक्त रूप से की।बैठक में आगामी पर्व त्योहारों रामनवमी प्रकृति पर्व सरहुल एवं ईद को लेकर विधि व्यवस्था सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अपने सुझाव साझा किए।सदर सीओ रामनारायण खलखो ने कहा कि लोहरदगा की पहचान आपसी सौहार्द भाईचारे और सांस्कृतिक एकता से है जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर अपने अपने पर्व मनाते हैं और यही इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने रामनवमी एवं सरहुल के लाइसेंसधारियों से जानकारी लेते हुए जुलूस, मेला और आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं पर दिशा निर्देश दिए। साथ ही रूट चार्ट नगर भ्रमण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा और सरकार के दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।वहीं सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और जरूरत के अनुसार और भी लगाए जा रहे हैं।रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान सीसीटीवी के साथ साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आम नागरिकों और आयोजकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरी शंकर प्रसाद, विद्युत विभाग के एसडीओ अंजू कछाप नगर परिषद के सिटी मैनेजर करण कछाप सहित शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।















