हजारीबाग में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को जमशेदपुर में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया कर्मी शामिल हुए और घटना के खिलाफ कड़ा आक्रोश जताया।प्रेस क्लब के नेतृत्व में पत्रकार उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी इस घटना को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सवाल पूछने पर मंत्री के समर्थकों द्वारा अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई जो बेहद निंदनीय है।उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है जिससे पत्रकारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और माफी नहीं मांगी गई तो यह आंदोलन पूरे राज्य में फैलाया जाएगा।इस प्रदर्शन में प्रेस क्लब के महामंत्री विनय पूर्ति कोषाध्यक्ष अजय महतो सहित कई वरिष्ठ पत्रकार शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग उठाई।पत्रकारों ने साफ कहा कि मीडिया लोकतंत्र का अहम स्तंभ है और इसकी आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का कड़ा विरोध किया जाएगा।