जामताड़ा पुलिया गड़बड़ी
झारखंड के जामताड़ा
से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां निर्माणाधीन पुलिया में भारी
अनियमितता का मामला उजागर हुआ है। स्टेट हाईवे 419 पर बुधुडीह के पास बन रही पुलिया के
बनते ही क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।उपायुक्त
रवि आनंद, अनुमंडल पदाधिकारी
अनंत कुमार और अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और
पूरे मामले की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान पुलिया निर्माण कार्य में कई गंभीर
खामियां पाई गईं। गुणवत्ता में कमी और निर्माण मानकों की अनदेखी को लेकर उपायुक्त
ने मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई।इसके बाद अधिकारियों की टीम
ने सोनबाद में बन रहे पुल का भी निरीक्षण किया। साथ ही स्पेशल डिवीजन के अंतर्गत
चेंगाईडीह में निर्माणाधीन पुलिया की जांच में भी भारी अनियमितता सामने आई।उपायुक्त
रवि आनंद ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विभिन्न स्थलों का
निरीक्षण किया गया है जिसमें प्रथम दृष्टया गड़बड़ी स्पष्ट
रूप से सामने आई है। संबंधित विभाग को जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया
गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब
है कि स्टेट हाईवे 419 धनबाद
से जामताड़ा होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा तक जुड़ने वाली एक महत्वपूर्ण सड़क
परियोजना है। फिलहाल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम पूरे मामले की
विस्तृत जांच कर रही है।















