जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को भू अर्जन विभाग से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएच एवं मोर्थ सहित जिले में संचालित सड़क परियोजनाओं की प्रगति मुआवजा भुगतान वाउचर संग्रहण तथा तकनीकी अड़चनों की विस्तार से समीक्षा की गई।उपायुक्त ने विशेष रूप से एनएच-419 कानगोई आरओबी निर्माण रूपनारायणपुर से पोखरिया मोड़ तक सड़क निर्माण तथा गोलपहाड़ी एवं भंडारो क्षेत्र में नए पुल निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू अर्जन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए ताकि परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो।बैठक में जानकारी दी गई कि रूपनारायणपुर पथ परियोजना के तहत कुल 6054 प्रभावित रैयतों में से 3471 रैयतों को भूमि राशि पोर्टल के माध्यम से मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है।उपायुक्त ने शेष रैयतों को भी जल्द मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपायुक्त आलोक कुमार ने गोलपहाड़ी परियोजना में वृक्षों की क्षतिपूर्ति राशि जमा कराने एफआरए अप्रूवल और फॉरेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े लंबित मामलों को भी जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया।बैठक के दौरान धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की चेतावनी दी।उन्होंने कहा कि भू अर्जन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।