हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। ग्राम मुर्तिया में वन विभाग और चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को नष्ट किया गया।अभियान के दौरान लगभग 10 एकड़ भूमि में लगी अवैध अफीम की फसल को चिन्हित किया गया, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।प्रशासन द्वारा बताया गया कि अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम और पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले को लेकर अग्रतर जांच और कार्रवाई जारी है। इस संयुक्त अभियान को नशा मुक्त क्षेत्र बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।