गिरिडीह नगर निगम महापौर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने मंगलवार को विधिवत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वे बड़ी संख्या में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ समाहरणालय परिसर पहुँचे जहाँ अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुवा के समक्ष उन्होंने अपना पर्चा प्रस्तुत किया।नामांकन के दौरान समाहरणालय परिसर में उत्साहपूर्ण और जोशीला माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए डॉ. शैलेन्द्र चौधरी के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे जिसके बीच नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रंजीत राय भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुब्बे सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने डॉ. शैलेन्द्र चौधरी को जीत की शुभकामनाएँ दीं और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने कहा कि वे भाजपा के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरे हैं और गिरिडीह नगर निगम के सर्वांगीण विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल सड़क जल निकासी स्ट्रीट लाइट शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को नगर निगम क्षेत्र के हर वार्ड तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जाएगा। महिलाओं युवाओं और बुजुर्गों के हित में विशेष योजनाएँ लागू करने का भी उन्होंने भरोसा दिलाया।अंत में डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि एक मजबूत स्वच्छ और विकसित गिरिडीह के निर्माण के लिए उन्हें समर्थन और आशीर्वाद दें। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से गिरिडीह नगर निगम को विकास के नए मुकाम तक पहुँचाया जाएगा।