हजारीबाग पुलिस लाइन के पास स्थित एक बंद पड़े क्वार्टर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों के अनुसार एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति द्वारा क्वार्टर में आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पहले उसी क्वार्टर में रहता था।घटना के बाद इलाके में तरह तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों का कहना है कि लंबे समय से खाली पड़े इन क्वार्टर्स में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है जहां नशाखोरी जैसी गतिविधियां भी होती हैं।बताया जा रहा है कि आग लगने के समय क्वार्टर के अंदर निर्माण कार्य से जुड़ा कुछ सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।हालांकि राहत की बात यह रही कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया जिससे एक बड़ी घटना टल गई।फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।