जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अंबा गांव के बाउरी पाड़ा में मंगलवार दोपहर आंधी तूफान और हल्की बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक 13 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे गांव के पांच बच्चे हल्की बारिश के बीच आम चुनने के लिए गांव के पास गए थे। इसी दौरान आम के पेड़ के निकट अचानक बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से श्रीया बाउरी 13 वर्ष पिता जालंधर बाउरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दिनू दास 16 वर्ष पिता अर्जुन दास गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडहित लाया गया। यहां चिकित्सकों ने श्रीया बाउरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दिनू दास की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। वहीं अंचल निरीक्षक अरुण कुमार यादव तथा हल्का कर्मचारी संदीप सोरेन ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। अंबा पंचायत के मुखिया दुलु सिंह टुडू ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता एवं मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी दी तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार करने का आग्रह किया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए थे। अधिकारियों द्वारा उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा था।घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।